पाटन। सावन माह के तीसरे सोमवार को पाटन क्षेत्र शिवभक्ति में लीन हो गया। नगर के प्राचीन ओग्गर तालाब स्थित भगवान शंकर के मंदिर में पूजा-अर्चना कर बोल बम कांवड़ यात्रा समिति पाटन के संयोजक जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में हजारों शिवभक्तों ने जल लेकर टोलाघाट के लिए कांवड़ यात्रा शुरू की। श्रद्धालु नाचते-गाते, बोल बम के जयघोष करते हुए ठकुराइनटोला पहुंचे, जहां सभी कांवड़ियों ने “सर्वे भवन्तु सुखिनः” एवं जल संरक्षण का संकल्प लिया और भगवान महादेव का जलाभिषेक किया। यात्रा के दौरान प्रसिद्ध भगवताचार्य पंडित कृष्ण कुमार तिवारी के सानिध्य में रुद्राभिषेक और विधिवत पूजन हुआ।
आयोजन में योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने कहा कि टीम भावना से ही कोई भी आयोजन सफल होता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा का अर्थ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह संस्कृति, एकता और सेवा भाव का प्रतीक है। उन्होंने संयोजक जितेन्द्र वर्मा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने 14 वर्षों से यह बीड़ा उठाया है और पूरी निष्ठा से इसका निर्वहन कर रहे हैं।
कांवड़ यात्रा समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने समस्त श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में यह आवश्यक है कि हम अपनी संस्कृति और परंपराओं को जानें। उन्होंने कहा कि पाश्चात्य प्रभाव से लोग अपनी जड़ों से दूर हो रहे हैं, जबकि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन लोगों को धर्म, समाज और सेवा से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर ‘एक मुठ्ठी दान भगवान शंकर के नाम’ अभियान के अंतर्गत एकत्रित चावल से महाप्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र पाध्ये ने किया। आयोजन में पूर्व मंत्री रमशिला साहू, योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. दयाराम साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, दुर्ग महापौर अल्का बाघमार, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, पाटन नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, लोकमणि चंद्राकर, भगवान सिंह चंद्राकर, डॉ. सुरेश साहू, संतराम कुंभकार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों और हजारों शिवभक्तों की उपस्थिति रही।