पाऊवारा में गेड़ी, कबड्डी और पारम्परिक खेलों से सजी जनपद ट्रॉफी, कोड़िया पंचायत बनी चैंपियन ! पूर्व सीएम भूपेश बघेल बोले — “गोठान महिलाओं की आजीविका का केंद्र, इसे खत्म करना ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर हमला”

दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के ग्राम पाऊवारा में जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, समर्पण युवा मित्र मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में जनपद ट्रॉफी का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ की परंपरागत लोक संस्कृति, खेल-कूद और सामूहिक चेतना को जीवंत कर दिया।कार्यक्रम की शुरुआत विधायक ललित चंद्राकर ने किया । समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रहे,उन्होंने गेड़ी चढ़कर ग्रामीण संस्कृति को जीवंत करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। उनके साथ मंच पर पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा साहू, पूर्व सभापति योगिता चंद्राकर, पूर्व जनपद अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनपद ट्रॉफी के अंतर्गत कबड्डी, गेड़ी दौड़, फुग्गा फोड़, रस्सी खींचा, गेड़ी नृत्य जैसे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में कोड़िया पंचायत ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस अवसर पर महिला कबड्डी प्रतियोगिता में पांच गांवों की महिलाओं ने भाग लिया, जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति को मजबूती और ऊर्जा देते हैं। आज प्रदेश में किसानों को खाद नहीं मिल रहा, महिलाओं और युवाओं के सामने संकट खड़ा किया जा रहा है। भाजपा सरकार गोठानों को खत्म करने का षड्यंत्र कर रही है। गोठान केवल पशुधन का केंद्र नहीं, महिला स्व-सहायता समूहों की आजीविका का आधार हैं। सरकार का यह रवैया ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर सीधा प्रहार है।

पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में राज्य में सांस्कृतिक जागरण की लहर चली थी। ग्रामीण जीवन, बोली, रहन-सहन, खेल और खान-पान में स्वाभिमान की अनुभूति जागी थी। आज के आयोजन में वह ऊर्जा और समर्पण पुनः दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम का संचालन विमल गजपाल, पितेश साहू, राजेश साहू, दीपक यादव, हरदेव साहू, दिलीप साहू सहित युवा साथियों द्वारा किया गया। मंच पर सरपंच मीना यादव, समाजसेवी हर्ष साहू, जनपद सदस्य झमित गायकवाड़, प्यारी निषाद, दामिनी मुकेश साहू, एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *