
जामगांव-आर। शारदीय नवरात्रि की दुर्गाष्टमी के अवसर पर ग्राम बेल्हारी में शक्ति आराधना, कन्या सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। गांव के श्रद्धा के प्रमुख केंद्र माँ शीतला भवानी, शक्ति मंदिर एवं चंडी माई मंदिर में अष्टमी हवन और नौ कन्या पूजन के पश्चात भूतेश्वर महादेव परिसर में ग्राम की नौ कुँवारी कन्याओं का पूजन-अभिनंदन सम्मान किया गया। इस अवसर पर गांव की बेटियों के मंगल हाथों से रुद्राक्ष वाटिका में वनस्पति पूजन के साथ रुद्राक्ष के पौधों का रोपण कराया गया। धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाली इस पहल का संयोजन ग्राम पंचायत बेल्हारी के उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने किया।
उल्लेखनीय है कि बेल्हारी स्थित भूतेश्वर महादेव परिसर की रुद्राक्ष वाटिका धार्मिक आस्था के साथ पौधरोपण और हरित विरासत को प्रोत्साहित करने की पहल से जुड़ी है। मौके पर श्री चंद्राकर ने कहा कि शक्ति की आराधना के साथ बेटियों का सम्मान और प्रकृति की सेवा भी हमारी सांस्कृतिक परंपरा के महत्वपूर्ण अंग हैं। इस अवसर पर समाजसेवी प्रदीप सिंह तोमर,पं अंकित शुक्ला, भूषण चंद्राकर, यादमल गोलछा, ईश्वर सिन्हा, वेद अग्रवाल, दानेश चंद्राकर, ताराचंद महतो,आनंद बंसोड,मनीष साहू,मुकेश साहू, चेतना चंद्राकर,तुलसी प्रजापति, आस्था गोलछा, तेजल चंद्राकर, सिया प्रजापति, खुशी चंद्राकर,ऐना प्रजापति, तोषी चंद्राकर सहित अन्य उपस्थित रहे।