रायपुर छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव पर नवा रायपुर का आसमान रोमांच और देशभक्ति से रंग गया। भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने बुधवार को सेंध तालाब के ऊपर अद्भुत एयर शो प्रस्तुत किया। लोगों की भारी भीड़ के बीच 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स ने समन्वित उड़ान भरते हुए ‘तिरंगा’, ‘हार्ट इन द स्काई’, ‘एरोहेड’ और ‘बॉम्ब बर्स्ट’ जैसे रोमांचक फॉर्मेशन पेश किए, जिन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए।
एयर शो का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने किया। टीम का हिस्सा रहे स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, के लिए यह प्रदर्शन विशेष रहा। उन्होंने कहा—“अपने राज्य के लोगों के सामने इस प्रतिष्ठित टीम का हिस्सा बनकर उड़ान भरना जीवनभर का यादगार पल है।” शो के दौरान कमेंट्री की कमान फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने संभाली और हर फॉर्मेशन की बारीक जानकारी रोचक अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाई।
एयर शो देखने के लिए सुबह से ही नवा रायपुर की ओर लोगों का सैलाब उमड़ने लगा था। तेलीबांधा चौक से सेंध तालाब तक लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आम जनता के साथ वीआईपी वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ा। एयरपोर्ट से सत्य साई हॉस्पिटल तक वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही। उधर, एयर शो के दौरान सुरक्षा कारणों से रनवे बंद रखा गया और 5 उड़ानों को री-शेड्यूल करना पड़ा।
राज्योत्सव के मौके पर हुए इस भव्य प्रदर्शन ने छत्तीसगढ़ के लोगों को रोमांच, गर्व और उत्साह से भर दिया। दर्शकों ने मोबाइल रोशनी और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सूर्यकिरण टीम का स्वागत किया।