धमतरी में बेटी के इलाज के नाम पर गैंगरेप: धर्म परिवर्तन का दबाव, चार आरोपी गिरफ्तार

धमतरी में बेटी के इलाज के नाम पर गैंगरेप: धर्म परिवर्तन का दबाव, चार आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 23 दिसंबर 2025। धमतरी जिले में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ उसकी बीमार बेटी को ठीक करने का झांसा देकर चार लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने वारदात के बाद महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया। पीड़िता की शिकायत पर मगरलोड थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता की बेटी लंबे समय से बीमार रहती थी। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए नारायण महार, धनेश साहू, भुनेश्वर साहू और नंद साहू नामक चार व्यक्तियों ने महिला को भरोसा दिलाया कि प्रार्थना से उसकी बेटी पूरी तरह ठीक हो जाएगी।

महिला उनके बहकावे में आकर 17 नवंबर को बेटी सहित आरोपियों के पास पहुंची। इस दौरान बेटी को ठीक करने का बहाना बनाकर चारों ने महिला के साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता से धर्म परिवर्तन करने का दबाव डाला और दावा किया कि धर्म बदलने से उसकी बेटी स्वस्थ हो जाएगी। जब महिला ने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया, तो आरोपियों ने वारदात की जानकारी किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। भयभीत महिला किसी तरह उनके कब्जे से बचकर घर पहुंची और साहस जुटाकर मगरलोड थाने में रिपोर्ट लिखाई।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *