रायपुर। रविवार की सुबह राजधानी में हलचल तेज है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे वे सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाले यूनिटी मार्च–2025 में भाग लेंगे।
इसके बाद 12:45 बजे वे टिकरापारा स्थित गौड़वाना भवन पहुंचेगे और अंतर्राज्ञीय युवक–युवती परिचय सम्मेलन में शामिल होंगे। शाम 6:20 बजे मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान कर वे बीटीआई ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला–2025 के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।
•आवास मेला आज से शुरू
राज्य स्तरीय आवास मेला आज से रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आरंभ हो गया है। यह मेला 23–25 नवंबर तक आयोजित होगा।यहाँ गृह निर्माण मंडल द्वारा विभिन्न आवासीय योजनाओं की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मेले में हाउसिंग लोन के लिए प्रमुख बैंक, साइट विजिट, वास्तु शास्त्र स्टॉल, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी तथा आधुनिक हाउसिंग तकनीक की प्रदर्शनी भी रहेगी। साथ ही आगंतुकों के लिए कई गिफ्ट वाउचर और हैम्पर भी रखे गए हैं।
•छत्तीसगढ़ में एसआईआर जारी – आयोग का सख्त निर्देश
राज्य में एसआईआर प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। निर्वाचन आयोग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है किफॉर्म भरते समय कोई भी कर्मचारी या बीएलओ ओटीपी नहीं मांगता,गलत जानकारी या फर्जी दस्तावेज देने पर एक वर्ष की सजा और जुर्माना का प्रावधान। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि एसआईआर के चलते आम मतदाता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कई घरों को गणना पत्रक नहीं मिला है और बीएलओ पर भाजपा नेताओं द्वारा दबाव डाले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
•आज से मास्टर्स रैंकिंग टेटे स्पर्धा
रायपुर के सप्रे शाला हॉल में आज से राज्य स्तरीय मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा ।
8 आयु वर्गों में आयोजित इस स्पर्धा में राज्यभर से करीब 130 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा होंगे।
•वन डे ट्रॉफी में महाराष्ट्र से हारा छत्तीसगढ़
रांची में आयोजित अंडर-23 वनडे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रन बनाए, लेकिन महाराष्ट्र ने 43.3 ओवर में 246 रन बनाकर मैच 3 विकेट से जीत लिया। आशीष डहरिया का बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन भी टीम को जीत नहीं दिला सका।