दुर्ग/बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब पार्टी से लौट रहे तीन युवकों ने महिला को जबरन सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब ग्रामीण स्तर पर शिकायत की तो ग्राम प्रमुखों ने आरोपियों से 40-40 हजार रुपए दंड लेकर मामला दबा दिया। न्याय नहीं मिलने पर महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार घटना 22 फरवरी 2026 की रात की है। बालोद थाना क्षेत्र के एक गांव में आरोपी रोशन कुमार साहू के घर शराब पार्टी चल रही थी। पार्टी से लौटते समय आरोपी विकास सिन्हा ने गांव के नल के पास 37 वर्षीय विधवा महिला को देखा और अपने साथी कमल सेन को फोन कर बुलाया। दोनों ने मिलकर महिला को जबरन करीब 300 मीटर दूर सुनसान स्थान पर ले गए और बाद में रोशन साहू को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों ने रात करीब 12 बजे तक बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार जब उसने इस घटना की शिकायत ग्रामीण स्तर पर की, तो समाज की बैठक में आरोपियों से 40-40 हजार रुपए दंड लेकर मामला खत्म कर दिया गया। इसके बाद भी उसे न्याय नहीं मिला तो वह सीधे पुलिस के पास पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी Boniface Ekka ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर 13 मार्च को एफआईआर दर्ज की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Monika Thakur ने कहा कि मामला गंभीर है और इसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 87, 70(1) तथा अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के पति का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने मायके में रह रही थी। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।