
विदेश में करोड़ों में बिकने का सपना दिखाकर वसूली, फर्जी आईडी और धार्मिक सिक्कों के साथ पुलिस ने दबोचा गिरोह
कांकेर। पुराने और धार्मिक सिक्कों को विदेशों में करोड़ों रुपये में बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का कांकेर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जी दस्तावेज, नकली पहचान पत्र, लैपटॉप, मोबाइल फोन, धार्मिक प्रतीकों वाले सिक्के, कार और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को यह विश्वास दिलाते थे कि राम, सीता और लक्ष्मण अंकित विशेष सिक्कों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग है और इन्हें विदेशों में लाखों-करोड़ों रुपये में बेचा जा सकता है। इसी लालच में फंसाकर वे रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर रकम वसूलते थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित से 30 हजार रुपये की ठगी की शिकायत पुलिस तक पहुंची। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से फर्जी आधार कार्ड, रक्षा मंत्रालय का नकली पहचान पत्र, कई संदिग्ध दस्तावेज तथा राम दरबार और बजरंगबली अंकित सिक्के बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली व्यक्ति या सरकारी एजेंसियों से जुड़ा बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे।
पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की जांच जारी है और नेटवर्क के अन्य जिलों व राज्यों तक फैले होने की संभावना भी जताई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पुराने सिक्कों, नोटों या अन्य वस्तुओं को विदेशों में ऊंचे दामों पर बेचने के नाम पर मिलने वाले किसी भी लालच में न आएं और किसी भी भुगतान से पहले जानकारी की सत्यता की जांच अवश्य करें।