
दुर्ग-भिलाई, 1 अगस्त। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में एक युवती ने कथित रूप से पीछा कर रहे युवक को बीच सड़क पर रोककर चप्पल से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो युवती ने खुद अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया और बाद में इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो में वह युवक से कहती नजर आती है, “तुम जैसे लड़कों के कारण ही लड़कियां सेफ फील नहीं करतीं।” पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान स्मृति नगर निवासी 29 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर सुपेला थाना ले गई। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।
घर लौटते समय फिर दिखा युवक
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात की है। युवती स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। उसका आरोप है कि उसी दौरान एक युवक स्कूटी से उसका पीछा कर रहा था। कुछ दूर आगे बढ़ने पर उसने युवक को सड़क किनारे खड़े देखा, जिसके बाद उसने उसे पहचान लिया। युवती ने युवक से पूछा कि वह उसका पीछा क्यों कर रहा है। इसके बाद दोनों के बीच सड़क पर तीखी बहस हो गई और युवती ने युवक को चप्पल से मारना शुरू कर दिया। वीडियो में वह युवक को थप्पड़ मारते हुए उससे जवाब मांगती दिखाई देती है।
‘मॉल में भी पीछा किया था’
वीडियो में युवती युवक से कहती सुनाई देती है कि वह उसे पहले भी एक मॉल में देख चुकी है और उस समय भी उसने उसका पीछा किया था। युवक वीडियो में कहता नजर आता है कि वह किसी का इंतजार कर रहा था और बाद में युवती से बात करना चाहता था। जब युवक ने माफी मांगने की कोशिश की तो युवती ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से लड़कियां असुरक्षित महसूस करती हैं। इसके बाद आसपास मौजूद लोग भी वहां जमा हो गए और युवक को पकड़ लिया।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर अपलोड किया वीडियो
युवती ने घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर इसे लाखों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने युवती के साहस की सराहना की है, जबकि कुछ ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस बोली- जांच जारी
सुपेला थाना पुलिस का कहना है कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। प्रारंभिक स्तर पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती द्वारा लगाए गए पीछा करने के आरोपों के समर्थन में क्या साक्ष्य उपलब्ध हैं और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।