सेजस बेल्हारी में बेटियों का परचम : 10वीं-12वीं बोर्ड में शानदार प्रदर्शन, कई छात्राओं ने 90%+ अंक हासिल कर बढ़ाया मान !गणित में 100/100, बेटियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का दिखा असर

जामगांव आर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, बेल्हारी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विशेष रूप से छात्राओं ने शानदार उपलब्धि हासिल कर सफलता का नया इतिहास रचा। कक्षा 12वीं कला संकाय में कु. तुलसी प्रजापति ने 90% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। गणित विषय की छात्रा कु. वंशिका ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर 88.4% के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं कु. शालिनी ने 88% अंक अर्जित कर तृतीय स्थान हासिल किया।

इसी तरह कक्षा 10वीं अंग्रेजी माध्यम में कु. सोनम प्रजापति ने 95.16% अंक के साथ प्रथम स्थान, कु. गोष्ठी चंद्राकर ने 88.16% अंक के साथ द्वितीय तथा कु. तृप्ति ने 84% अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हिंदी माध्यम में कु. सुभागी ने 90.66% अंक प्राप्त कर प्रथम और कु. खुशी ने 88.16% अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम कक्षा 12वीं में 93.54% तथा कक्षा 10वीं में 57.77% रहा। इस वर्ष बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय में उत्कृष्टता का परचम लहराया, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बना।

विद्यालय की प्राचार्य रीना चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया।
शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया और कहा कि यह छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का फल है । ग्राम सरपंच अमित अग्रवाल ने इसे गांव के लिए गर्व का क्षण बताया, सांसद प्रतिनिधि यादमल गोलछा ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई दी। पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ व्याख्याता वाई. के. साहू ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय की निरंतर प्रगति का प्रतीक बताया तथा भविष्य में और बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *