रायपुर। योग विज्ञान विभाग, दावड़ा विश्वविद्यालय एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय योग कार्यशाला का भव्य आयोजन कन्वेंशन हॉल, न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में संपन्न हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि टंकराम वर्मा (उच्च शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन), रूपनारायण सिन्हा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ योग आयोग), चिन्मय दावड़ा (सीईओ, दावड़ा विश्वविद्यालय), डॉ. चार्मी दावड़ा (डायरेक्टर जनरल) एवं तुलसी कौशिक (निज सहायक, मुख्यमंत्री) के करकमलों से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा — “योग केवल आसन नहीं, यह जीवन का विज्ञान और आत्मविकास का मार्ग है। जब शरीर और मन एक लय में होते हैं, तब मनुष्य की ऊर्जा सृजनात्मक दिशा में प्रवाहित होती है। योग शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल शारीरिक स्फूर्ति बल्कि मानसिक स्थिरता और अनुशासन का भी पाठ मिलता है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा संस्थानों में योग को और सशक्त रूप से जोड़ा जाएगा।”
वहीं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा —“योग से स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक समाज का निर्माण संभव है। हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का हर नागरिक योगमय जीवन अपनाए। योग आयोग लगातार जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्राम से लेकर शहर तक योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
कार्यशाला में अरविंद साहू (लंदन), डांटे मार्वल बक (जमाइका) और डॉ. अमित कुमार (ग्वालियर विश्वविद्यालय) जैसे अंतर्राष्ट्रीय योग विशेषज्ञों ने अपनी सहभागिता दी। उन्होंने योग के वैश्विक प्रभाव, मानसिक स्वास्थ्य पर योग के वैज्ञानिक लाभ और योगिक लाइफस्टाइल पर विशेष सत्र लिए। समापन सत्र में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा (रायपुर उत्तर) एवं तुलसीदास संघानी उपस्थित रहे। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए युवाओं से इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
मुख्य वक्ताओं में प्रो. भगवंत सिंह (रविशंकर विश्वविद्यालय), प्रो. मृत्युंजय राठौर (एम्स रायपुर) एवं तेजस्वी शर्मा (एडवोकेट, सुप्रीम कोर्ट) शामिल रहे। कार्यक्रम के संचालन में डॉ. कुमार श्वेताभ (रजिस्ट्रार), डॉ. वरुण गंजीर, गौरव देवांगन, रविकांत कुंभकार, डॉ. ज्योति साहू, डॉ. खोमेश साहू एवं नितेश पटेल का विशेष योगदान रहा। प्रतिभागियों को योग किट (योग मैट, टी-शर्ट, बैग, कॉपी, पेन एवं अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला प्रमाणपत्र) प्रदान किए गए।