नवीन अधिवक्ताओं के लिए दुर्ग में सुनहरा अवसर — पद्मश्री जस्टिस हंसराज खन्ना मेमोरियल विधिक संस्थान में ₹10,000 मानदेय के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी

दुर्ग। समाजसेवी संस्था सूत्र द्वारा संचालित “पद्मश्री जस्टिस हंसराज खन्ना मेमोरियल विधिक संस्थान, दुर्ग (छत्तीसगढ़)” द्वारा नवीन अधिवक्ताओं के लिए सतत विधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों से सक्रिय यह संस्थान अब तक 12 अधिवक्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान कर चुका है, जो वर्तमान में जिला न्यायालय एवं उच्च न्यायालयों में सफलतापूर्वक अधिवक्ता व्यवसाय कर रहे हैं।

संस्थान के संयोजक अधिवक्ता सौरभ चौबे ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नवीन अधिवक्ताओं को व्यवहारिक विधिक ज्ञान, न्यायालयीन कार्यप्रणाली, मीडिया और चिकित्सा कानून, साथ ही नवीन भारतीय न्याय संहिता (BNS), BNSS और BSA के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक प्रशिक्षु अधिवक्ता को ₹10,000 प्रतिमाह मानदेय भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक सहायता के साथ अधिक उत्साह और समर्पण के साथ विधिक अध्ययन का अवसर मिल सके।

संस्थान में अब तक आयोजित सत्रों में मॉक कोर्ट अभ्यास, ड्राफ्टिंग सेशन, सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट के महत्वपूर्ण निर्णयों का विश्लेषण, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों और चिकित्सा कानूनों पर अध्ययन कराया गया है। पद्मश्री जस्टिस हंसराज खन्ना मेमोरियल विधिक संस्थान, दुर्ग के निदेशक ,अधिवक्ता सौरभ चौबे ने बताया कि यह संस्थान न्याय सेवा की दिशा में एक सशक्त पहल है, जो युवा अधिवक्ताओं को पेशेवर दक्षता, व्यवहारिक समझ और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ न्याय क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *