
रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ लोक कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कला, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पाक कला तथा सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन पत्र संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय की वेबसाइट तथा नया रायपुर स्थित कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। पात्र कलाकारों को एक वित्तीय वर्ष में एक बार ई-पेमेंट के माध्यम से 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। योजना का लाभ केवल उन कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड तथा पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
आवेदन 31 अगस्त 2026 तक संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, सेक्टर-27, नया रायपुर स्थित कार्यालय में भेजे जा सकते हैं। लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम होगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना के माध्यम से लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी कला को नई पहचान मिलेगी तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
khanaarifkhan410@gmail.com
I’m octapad player