मुख्यमंत्री साय ने मां के नाम लगाया पीपल का पौधा, ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान के साथ वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ

मुख्यमंत्री साय ने मां के नाम लगाया पीपल का पौधा, ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान के साथ वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नया रायपुर में अपनी मां के नाम पर पीपल का पौधा लगाकर वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। इसके साथ ही प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का वृक्ष आस्था, आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना जाता है तथा यह जैव विविधता और स्वच्छ वातावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है। छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों के दौरान 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2026 में प्रदेशभर में ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोगों से घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन की चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि हर वर्ष एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान हरित, स्वच्छ और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत लगभग 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और नागरिकों ने पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *