रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले एक महीने से जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल पर अब बड़ा मोड़ आ गया है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री श्याम विहारी जायसवाल ने साफ कहा कि राज्य सरकार हड़ताली कर्मचारियों को आखिरी मौका दे रही है।
मंत्री जायसवाल ने बताया कि सरकार ने कर्मचारियों से अब तक पांच बार चर्चा की है। कुल 10 मांगों में से 4 मांगें पूरी की जा चुकी हैं, 3 पर कमेटी बनाई गई है और शेष 3 मांगें उच्चस्तरीय समिति के पास विचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समस्याओं का समाधान चाहती है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं को ठप नहीं होने दिया जा सकता।
मंत्री ने सख्त लहजे में चेतावनी दी—“NHM कर्मचारी स्वास्थ्य हित में, राज्य हित में और अपने स्वयं के हित में आज शाम तक ड्यूटी पर लौट आएं। यदि इसके बाद भी हड़ताल जारी रही तो सरकार नई भर्तियां घोषित करेगी। यह लोगों की जान से जुड़ा मामला है और इसमें किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, वे भी यदि आज ही काम पर लौटते हैं तो उन्हें राहत दी जाएगी। यहां तक कि बर्खास्त कर्मचारियों के मामलों की भी पुनः समीक्षा करने की बात कही गई है।।गौरतलब है कि हड़ताल के कारण पिछले एक महीने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ा।।अब सबकी निगाहें कर्मचारियों के फैसले पर टिकी हैं। सरकार को उम्मीद है कि कर्मचारी सकारात्मक रुख अपनाते हुए हड़ताल खत्म करेंगे और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य होंगी।