जामगांव आर। पाटन ब्लॉक के ग्राम पंचायत ओदरागहन की सरपंच कुसुमलता जैन जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों की शिकायत लेकर जिला मुख्यालय पहुँची। उन्होंने बताया कि वर्ष 28 अगस्त 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन अंतर्गत 70 KL पानी टंकी एवं पाइपलाइन विस्तार का कार्य स्वीकृत हुआ था। लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण केवल नींव रखने के बाद से पिछले चार वर्षों से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है। सरपंच जैन ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के अधिकारी बार-बार शिकायत करने के बाद भी गोलमोल जवाब देकर गुमराह कर रहे हैं। वहीं ग्रामवासियों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई अधूरी छोड़ दी गई, जिससे सड़कों पर गड्ढे बने रहने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वर्ष 2023 में पंचायत द्वारा मरम्मत कराई गई जगह को विभाग ने दोबारा खोदकर छोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी ठेकेदार से मिलीभगत कर केवल फायदे उठाने में व्यस्त हैं, जबकि ग्रामीण पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। सरपंच जैन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पानी टंकी निर्माण एवं पाइपलाइन कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जी के ड्रीम प्रोजेक्ट का यह हाल है तो बाकी योजनाओं की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।