
सेजस विद्यालय घुघुवा (क) में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने साइकिलों का वितरण
पाटन। विकासखंड पाटन के सेजस विद्यालय घुघुवा (क) में गुरुवार को शाला प्रवेश उत्सव एवं सरस्वती साइकिल योजना-2026 का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, ताकि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
मुख्य अतिथि श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने और सशक्त समाज के निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रही है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक संसाधन और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने वाली योजना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरणा मिलने के साथ उनकी नियमित उपस्थिति भी सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और संस्कार के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत दुर्ग की सभापति श्रीमती नीलम चंद्राकर ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत पाटन के सभापति श्री प्रणव शर्मा ने शासन की शिक्षा एवं बालिका सशक्तिकरण योजनाओं की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकार, पूर्व जनपद सदस्य एवं भाजपा के पूर्व महामंत्री संजय पाण्डे, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष बानेश्वर साहू, सरपंच शैलेन्द्री साहू, पालक समिति अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, उत्तम बंजारे, दुर्वासा साहू, भूषण सेन, रवि साहू, लोकेश्वर साहू, अशोक वर्मा, पूनम प्रशांत शर्मा, विद्यासागर निषाद सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय परिवार, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।