राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, कहा – उनका बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

रायपुर, 21 अक्टूबर 2025। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज माना स्थित चौथी वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित परेड में राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शहीद जवानों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दोनों ने शहीद स्मारक में पुष्पचक्र अर्पित कर प्रदेश की ओर से वीर पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि पुलिस जवानों का अदम्य साहस, पराक्रम और त्याग देश के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पुलिस के समर्पण और अनुशासन के कारण ही आज राज्य में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना हुआ है। राज्यपाल ने कहा कि पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है—एक ओर उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होती है, वहीं नागरिकों को भयमुक्त वातावरण देना उनका प्रमुख दायित्व है। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने दृढ़ संकल्प और निष्ठा के साथ नक्सलवाद की चुनौती का मुकाबला किया है, जिसके परिणामस्वरूप अब इन इलाकों में शांति और विकास का माहौल स्थापित हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि 21 अक्टूबर का दिन उन पुलिस जवानों की स्मृति में समर्पित है जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल कठिन परिस्थितियों में भी निष्ठा और अनुशासन के साथ समाज की रक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई निर्णायक दौर में है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में यह अभियान और तेज हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुलिस जवानों का बलिदान हमें सदैव कर्तव्य, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में “नियत नेल्ला नार”, “पीएम जनमन” और “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” जैसी योजनाओं के माध्यम से सुदूर अंचलों में विकास की नई रोशनी फैली है।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे पुलिस जवानों ने नक्सलवाद को समाप्त करने के साथ-साथ बस्तर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और उनके बलिदान को अमर बनाए रखने के लिए स्मारिका जारी करने का निर्णय लिया गया है।

इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री अनुज शर्मा, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, संभाग आयुक्त श्री महादेव कांवरे, आईजी श्री अमरेश मिश्रा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत सहित वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस जवान और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *