रायपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान को भव्य रूप देने की तैयारी है। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय पर्व को गर्व और सम्मान के साथ मनाएं।
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि यह अभियान केवल झंडा फहराने की परंपरा नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रभक्ति, एकता और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा न केवल हमारी आजादी का प्रतीक है, बल्कि वह हमारी संप्रभुता और गौरवशाली विरासत को भी दर्शाता है।
राज्य सरकार द्वारा यह विशेष कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है:
प्रथम चरण: 2 से 8 अगस्त
द्वितीय चरण: 9 से 12 अगस्त
तृतीय चरण: 13 से 15 अगस्त
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि महान स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करते हुए उनसे प्रेरणा लें और देश के विकास में अपना योगदान दें।
उन्होंने युवाओं से भी विशेष रूप से अनुरोध किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर देशभक्ति की भावना को मजबूत करें। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा और हर घर पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी जाएगी।