राजिम मेला विकास को मिलेगी रफ्तार : 20.23 करोड़ की स्वीकृति से बदलेगा घाटों का स्वरूप

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ शासन के जलसंसाधन विभाग ने फिंगेश्वर विकासखंड स्थित प्रसिद्ध राजिम मेला के विकास कार्यों हेतु 20 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये की द्वितीय पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि विशेष रूप से महानदी तट पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक आयोजन के सुव्यवस्थित प्रबंधन के उद्देश्य से स्वीकृत की गई है। प्रस्तावित परियोजना में 480 मीटर लंबा स्नान प्लेटफार्म, गंगा आरती घाट, शाही स्नान कुण्ड तथा चौबेबांचा पुल तक फैली सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा। यह समस्त कार्य राज्य योजना के बजट शीर्ष ‘महानदी परियोजना’ के अंतर्गत संपन्न होंगे।

राज्य शासन का उद्देश्य राजिम मेले को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु अनुकूल बनाना है। शासन का यह कदम न केवल बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करेगा, बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नया आयाम देगा।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

राजिम मेला को छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहा जाता है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पुण्य स्नान हेतु पहुंचते हैं। ऐसे में यह संरचनात्मक विकास कार्य क्षेत्रीय आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *