क्षमा वाणी पर्व पर भव्य आयोजन, 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से मांगी क्षमा,सांसद बघेल बोले—जैन समाज प्रबुद्ध और अहिंसा प्रिय, गलत के खिलाफ और सत्य के साथ खड़ा रहूंगा

भिलाई। क्षमा वाणी पर्व के पावन अवसर पर स्थानीय जैन भवन में श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन महासभा द्वारा भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। धर्म, तप, त्याग और परस्पर वात्सल्य से ओतप्रोत आयोजन में श्रद्धालुओं ने जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा अध्यक्ष प्रशांत जैन ने की। मंत्री सोमेश जैन एवं कोषाध्यक्ष जिनेंद्र जैन ने आयोजन की व्यवस्थाओं में भूमिका निभाई। अध्यक्ष प्रशांत जैन ने सांसद विजय बघेल के साथ सामूहिक क्षमावाणी कराई। इस दौरान महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपस्थित समाजजनों से विनम्रतापूर्वक क्षमा याचना की।

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में जैन समाज की अहिंसा और जीव मात्र के प्रति संवेदना की सराहना की। उन्होंने कहा कि जैन समाज प्रबुद्ध और अहिंसा प्रिय समाज है। उन्होंने जैन भवन की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वह पावन स्थल है, जहां साधु-संतों और मुनियों के चरण पड़ते रहे हैं। सांसद बघेल ने कहा कि वे गलत के खिलाफ दृढ़ता से खड़े हैं और सत्य का साथ देना उनका संकल्प है। कार्यक्रम के दौरान जैन भवन से जुड़े पुराने विवाद का विषय भी समाज की ओर से उठाया गया। समाजजनों ने भवन के इतिहास और पूर्वजों के योगदान का उल्लेख करते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की। सांसद ने कहा कि वे विवाद के समाधान के लिए मध्यस्थता को तैयार हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं भजनों के साथ हुआ। इसके बाद पंडित अक्षय भैया ने क्षमावाणी पर्व के महत्व तथा उत्तम क्षमा के सिद्धांत पर सारगर्भित प्रवचन दिया। कठिन तपस्या करने वाले तपस्वियों का सांसद विजय बघेल द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मानित तपस्वियों में संजीव कासलीवाल, पप्पू जैन छावड़ा, विमुक्ति छावड़ा, अनिता जैन कमल, रिचा जैन, स्वाति जैन, साधना सुनील जैन, सीमा कोशल, सुषमा जैन, निकिता विपिन जैन, ज्योत्सना काला, श्रेया सौरभ जैन, श्रेयांश जैन रुवाबांधा, परी जैन, आयुष जैन, आरुषि जैन रुवाबांधा, रानू जैन, अंकिता सौरभ जैन रुवाबांधा, नीशा जैन मरोदा और शिखर जैन शामिल रहे।

जैन पाठशाला के बच्चों एवं महिला मंडल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पारितोषिक प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक वात्सल्य भोज में सहभागिता की और एक-दूसरे से गले मिलकर पुनः क्षमावाणी की। आयोजन को सफल बनाने में समाज के संरक्षक महावीर प्रसाद निगोतिया, प्रभात जैन, ज्ञानचंद बाकलीवाल, देवेंद्र जैन, वीके जैन, डॉ. जिनेंद्र जैन सहित महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का योगदान रहा। प्रशासनिक प्रभारी संजीव कासलीवाल ने व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला। नीना जैन, अचला जैन, सीमा नाहर, नेहा बाकलीवाल, भव्या जैन, राजेश जैन, कमल जैन, साकेत जैन, वरुण जैन, शिम्पी जैन, संजीव छोटे, भरत गोधा, पंकज जैन, संजू कासलीवाल, विपिन विनायके, अशोक निगोतिया, गौरव बाकलीवाल और अमित अजमेरा सहित सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *