बेमेतरा। बेमेतरा जिले के ग्राम सिलघट भीमभौरी में 10 से 13 सितंबर तक शांति कुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में तथा महिला एवं बाल विकास परियोजना बेमेतरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी” 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस विराट आयोजन के अंतर्गत 1056 गर्भवती माताओं का गर्भोत्सव संस्कार एवं 93 जोड़ों का मुख्यमंत्री कन्या आदर्श विवाह संस्कार संपन्न कराया गया, जो सामाजिक समरसता, नारी सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन आयोजित समापन समारोह में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, रजककार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि संस्कारों से ही सशक्त और समरस समाज का निर्माण होता है। ऐसे संस्कारात्मक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं और भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शांति कुंज हरिद्वार एवं आयोजन समिति के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। विधायक दीपेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के विराट, सुव्यवस्थित और अनुशासित आयोजनों के पीछे आयोजन समिति, शांति कुंज हरिद्वार परिवार, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्थानीय प्रशासन तथा सैकड़ों स्वयंसेवकों का अथक परिश्रम निहित है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ इस संस्कार महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप दिया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है। अंत में विधायक दीपेश साहू ने सभी नवविवाहित जोड़ों को नवदांपत्य जीवन में प्रवेश पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध और संस्कारपूर्ण जीवन की मंगलकामना की।