पाटन। अमर शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर बंटग राज, पाटन में एक गरिमामय, प्रेरणादायी एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कमलेश ध्रुव ने की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, सरपंच राजू साहू, जयपाल सिंह ठाकुर, राजू नेताम, पद्मश्री डॉ. राधेश्याम बारले, बलदेव साहू, मानू सोनकर, राधे साहू, प्रदुमन साहू, कामता पटेल, राकेश सोनकर, शेष नारायण ठाकुर, संतोषी ठाकुर, घनश्याम नेताम सहित अनेक गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे।
अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कहा कि गौड़ समाज से हमें प्रकृति संरक्षण, सामाजिक एकता और संघर्ष की अमूल्य प्रेरणा मिलती है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारायण सिंह का जीवन गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए किए गए सतत संघर्ष का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि वीर नारायण सिंह एक आदिवासी परिवार में जन्मे ऐसे वीर सपूत थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आदिवासी वीरों के गौरव, सम्मान और स्मरण का अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें वीर नारायण सिंह की जयंती एवं बलिदान दिवस का विशेष महत्व है।
उन्होंने समाज में जागरूकता लाकर नक्सलवाद जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। आदिवासी समाज को संविधान में विशेष संरक्षण प्राप्त है, किंतु उसके दुरुपयोग से बचना भी आवश्यक है। सांसद विजय बघेल ने आदिवासी समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “बूढ़ा देव” के नाम से जो सम्मान उन्हें मिला है, उसमें आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लोकसभा में दूसरी बार प्रतिनिधित्व का अवसर देने के लिए उन्होंने समाजजनों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान नौ मंडली द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई तथा मनमोहक आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। वक्ताओं ने यह भी कहा कि प्रत्येक समाज को वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुषों पर गर्व है और उनसे प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी को आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर अगनु राम ठाकुर, पवन ठाकुर, जोहन ठाकुर, मोहन ठाकुर, राजेन्द्र मंडावी, राम ठाकुर, भेष नारायण ठाकुर, पंचराम ठाकुर, घनश्याम ठाकुर, कुलेश्वर ठाकुर, सोहद्रा ठाकुर, मनहरण ठाकुर, सोमनाथ ठाकुर सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और प्रेरणा के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।