जामगांव आर। छत्तीसगढ़ की शिरडी के नाम से प्रसिद्ध सिद्ध पुरुष बाबा श्री लक्ष्मण जी महाराज के समाधि स्थल (मंदिर) परिसर, भगवान भाठागांव-आर (छत्तीसगढ़) में आगामी 12, 13 एवं 14 जनवरी 2026 को तीन दिवसीय “मकर संक्रांति मेला महोत्सव–2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार श्रद्धा, भक्ति और छत्तीसगढ़ी लोक-संस्कृति के संगम के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार मेले का शुभारंभ 12 जनवरी (सोमवार) को अपराह्न 3 बजे पूजा-पाठ, दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ किया जाएगा। इसी दिन कलश सजावट एवं थाली सजावट प्रतियोगिता आयोजित होगी। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वर संगम मानस परिवार, जानकी फिल्म्स एवं लोक मंजरी टीम द्वारा मनोहारी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
13 जनवरी (मंगलवार) को प्रातः 10 बजे से मानस गायन एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। रात्रि में जानकी फिल्म्स एवं लोक मंजरी टीम द्वारा भव्य लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही इसी दिन निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं जन जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभान्वित होंगे। 14 जनवरी (बुधवार) को प्रातः 10 बजे से मानस गायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ छत्तीसगढ़ी लोक सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। रात्रिकालीन कार्यक्रम में लोक कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां मेले का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित मेला महोत्सव में पहुंचकर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं लोक परंपराओं का आनंद लें और आयोजन को सफल बनाएं। यह आयोजन मकर संक्रांति मेला महोत्सव समिति, भगवान भाठागांव-आर द्वारा किया जा रहा है।