पाटन। ग्राम देमार में तैलिक समाज की कुल गौरव एवं भक्त शिरोमणि माता राजिम की पावन स्मृति में परिक्षेत्रीय स्तरीय विशाल राजिम जयंती महोत्सव एवं सामाजिक सम्मान समारोह का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। यह आयोजन परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के तत्वावधान में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें समाज की महिलाओं एवं युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर पूरे ग्राम को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना, माता राजिम के तेल चित्र पर माल्यार्पण, अतिथियों का स्वागत-सम्मान तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।
राजिम जयंती महोत्सव के प्रथम सत्र में दुर्ग लोकसभा के सांसद श्री विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथि के रूप में श्री जितेंद्र साहू, अध्यक्ष तेलघानी बोर्ड छत्तीसगढ़ तथा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्री चुन्नीलाल साहू, पूर्व सांसद महासमुंद शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री दिनेश साहू, पूर्व अध्यक्ष तहसील संघ पाटन ने की। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा, “माता राजिम का जीवन त्याग, भक्ति और सामाजिक सेवा की प्रेरणा देता है। समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संस्कार और संगठन सबसे जरूरी हैं। जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य मजबूत होता है।” उन्होंने सामाजिक आयोजनों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में तहसील साहू संघ अध्यक्ष लालेश्वर साहू, श्रीमती दिव्या कालिहारी (पूर्व उपाध्यक्ष जिला साहू संघ दुर्ग), किशन हिरवानी (अध्यक्ष परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा), हरिराम साहू (स्थानीय साहू समाज देमार), लोकमनी चंद्राकर सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे। समारोह में समाज के सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों में खेमलाल साहू, चैन सिंह साहू, पूजाराम साहू, नंदकुमार साहू, श्रीमती कमलेश्वरी साहू, अश्विनी साहू, संतोष साहू, श्रीमती ललिता साहू, अर्जुन साहू, गणेश साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण में हुआ, जिसमें ग्राम देमार सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजबंधु शामिल हुए।