कड़ाके की ठंड का कहर: रायपुर में 6.6° रात का पारा, 3 दिन 8 जिलों में शीतलहर; 5 जिलों में 10 जनवरी तक स्कूल बंद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तरी छत्तीसगढ़ खासकर सरगुजा संभाग में शीतलहर का जबरदस्त असर देखा जा रहा है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई और वाहनों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों के करीब आठ जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। ठंड के चलते राज्य के कई शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मैनपाट में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में रात का तापमान 3.3 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, पेंड्रा में 7.6 डिग्री, दुर्ग और राजनांदगांव में 8 डिग्री तथा जगदलपुर में 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में राज्य का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री (जगदलपुर) और न्यूनतम 3.3 डिग्री (अंबिकापुर) रहा।

मैनपाट और सरगुजा के पाट क्षेत्रों में पाला पड़ने से खेतों और खुले मैदानों में घास पर जमी ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो गईं। सुबह और शाम के समय लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। पेंड्रा सहित कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। हेल्थ विभाग ने बुजुर्गों, छोटे बच्चों और क्रॉनिक बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार ठंड के कारण हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और खुले में रात बिताने से बचने की जरूरत है।

इधर, ठंड को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में प्राइमरी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन जारी रहेगा। दो पालियों में चलने वाले स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। अब पहली पाली सुबह 9.30 से 12.30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 12.30 से शाम 4 बजे तक संचालित होगी। अंबिकापुर में ठंड से दूसरी मौत का मामला सामने आया है। नए साल की रात अंबिकापुर से लगे श्रीगढ़ क्षेत्र में एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई। कम कपड़ों में खुले में सोने के कारण वह हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए थे। इससे पहले 11 दिसंबर को भी बस स्टैंड पर खुले में सो रहे एक व्यक्ति की ठंड से जान चली गई थी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत के आसार कम बताए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *