सोने के लालच में रिश्तों का गला घोंटा — भाई ने ही उड़ाए भाई के 35 लाख के मंगलसूत्र

सोने के लालच में रिश्तों का गला घोंटा — भाई ने ही उड़ाए भाई के 35 लाख के मंगलसूत्र

दुर्ग, 22 अक्टूबर 2025। पारिवारिक रिश्ते को कलंकित करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अपने ही सगे भाई के ज्वेलरी शॉप से 35 लाख रुपये के सोने के मंगलसूत्र चोरी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम राजकुमार सोनी है, जिसने अपने फुफेरे भाई सुरेन्द्र सोनी के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रवि सोनी, पिता जवाहर सोनी, निवासी कोहका ने थाना सुपेला चौकी स्मृतिनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई राजकुमार सोनी, जो पिछले 9 महीनों से कान्ति ज्वेलर्स कोहका में सेल्समैन का काम करता था, 13 अक्टूबर की शाम दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर 40 नग सोने के मंगलसूत्र चोरी कर फरार हो गया। चोरी गए गहनों की कुल कीमत लगभग ₹35 लाख आंकी गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्रिनयन ऐप की मदद से आरोपी की गतिविधियों का सीसीटीवी फुटेज प्राप्त हुआ, जिसमें उसे रायपुर की ओर जाते देखा गया। वहीं से सुराग मिला कि वह अपने फुफेरे भाई सुरेन्द्र सोनी, जो रायपुर में ज्वेलरी गलाने का काम करता है, के साथ मिलकर गहनों को बिस्किट बनाकर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर दुर्ग ब्राह्मणपारा स्थित किराये के मकान से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 29 नग सोने के मंगलसूत्र, 2 नग सोने के बिस्किट (गलाए गए मंगलसूत्रों से बने) और ₹2 लाख नकद बरामद किए गए।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक प्रमोद रूसिया, उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधू, प्रआर जितेन्द्र कुशवाहा, अशीष सिंह, प्रेम सिंह, आरक्षक अनिकेत चंद्राकर, हर्षित शुक्ला, कमल नारायण एवं जुगनु सिंह की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *