रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं सतनामी समाज के गुरु खुसवंत साहेब 18 फरवरी बुधवार से पांच दिवसीय सतनाम सद्भाव पदयात्रा पर निकलेंगे। यह पदयात्रा राजधानी Raipur के आदर्श नगर मोवा स्थित सतनाम भवन से सुबह 8 बजे प्रारंभ होगी। 22 फरवरी तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य समाज में समानता, सद्भाव और समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यह पदयात्रा पवित्र धर्मगुरु Guru Baldas Saheb के सानिध्य में आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा। सफेद वस्त्र और सफेद ध्वज के साथ बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग इस पदयात्रा में शामिल होंगे।
गांव-गांव पहुंचेंगे गुरु खुशवंत
पहले दिन 18 फरवरी को पदयात्रा सतनाम भवन से निकलकर जैतखाम और गुरुगद्दी की ओर बढ़ेगी। इसके बाद सेमरिया, दोंदेखुर्द और दीदेंकला होते हुए सारागांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।दूसरे दिन यात्रा बंगोली, खरोरा, कनकी और भैसा से होते हुए भंडारपुरी पहुंचेगी। तीसरे दिन भटिया, खोरसी सण्डी, कोदवा, गिर्रा और घोटिया होते हुए पलारी पहुंचा जाएगा। चौथे दिन अमेरा, सकरी, बलौदाबाजार और पनगांव होते हुए लवन में विश्राम किया जाएगा।पदयात्रा का समापन 22 फरवरी को कसडोल, छाछी, कटंगी, अमोदी, मटिया और मड़वा होते हुए होगा। इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाएगी।
गिरौदपुरी मेले की भी होगी शुरुआत
पदयात्रा के समापन के साथ ही प्रसिद्ध Giroudpuri Mela का तीन दिवसीय आयोजन भी प्रारंभ होगा। इस मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग और मेले को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस सद्भाव पदयात्रा को सामाजिक एकता और समरसता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।