दुर्ग। शहर में शिवजी की बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक नाबालिग की जान चली गई। पुरानी रंजिश के चलते हुए झगड़े में धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 16 फरवरी की है। वार्ड क्रमांक 17 शांति नगर निवासी शिव कुमार गोड (51) ने Mohan Nagar Police Station में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र क्षय कुमार गोड उर्फ नानू शिवजी की बारात देखने गया था। इसी दौरान उसका कुछ युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ शांति नगर और शक्ति नगर के युवकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई थी, जो पिछले एक महीने से चल रही थी। बारात के दौरान कहासुनी बढ़ने पर आरोपियों ने नानू के साथ मारपीट की और उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
इलाज के दौरान मौत
गंभीर रूप से घायल नानू को उपचार के लिए सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रात में ही आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं और अगले दिन 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
CCTV फुटेज से पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शक्ति नगर निवासी करण उर्फ बाटा, मनीष देशमुख उर्फ पाडू, अश्वनीद चंद्राकर, आशीष चतुर्वेदी उर्फ मोनू, शुभम देवांगन उर्फ राजा, जितेश वर्मा उर्फ पोगो और आदित्य सेन उर्फ ब्राण्डेड शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। शहर में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।