दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा स्वामी विवेकानंद सभागार, दुर्ग में हज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल, अध्यक्षता राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर अलका वाघमार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, रजा खोखर, गायत्री वर्मा, हाजी कासिम, आरिफ अली, ज्योति वर्मा, हैदर अली, खालिद रिजवी और अमजद अली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने हज यात्रा के दौरान नियमों और व्यवस्थाओं की जानकारी को बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में यात्री हज पर जा रहे हैं, जिनमें दुर्ग जिले से लगभग 260 हाजी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया से आवेदन आसान हुआ है और राज्य सरकार द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
महापौर अलका वाघमार ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी हाजियों की सफल और सुरक्षित यात्रा की कामना की। वहीं सुरेन्द्र कौशिक ने बताया कि शिविर का उद्देश्य हाजियों को स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना है। मुख्य अतिथि विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की पहचान हिंदू-मुस्लिम एकता से है। उन्होंने हाजियों से अपील की कि वे देश और परिवार की खुशहाली के लिए दुआ करें। साथ ही उन्होंने कहा कि आज भारत का सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है और भारतीयों को हर जगह सम्मान की नजर से देखा जाता है।