रानीतराई। स्थानीय अटल चौक से नव निर्मित कॉलेज भवन तक की सड़क पर सोमवार रात्रि को अज्ञात वाहन ने कई बेजुबान जानवरों को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा किसी बड़े वाहन—संभवतः डंपर या ट्रक—से जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है। घटना स्थल का दृश्य बेहद हृदयविदारक था, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी अमानवीय घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ना आवश्यक है। भाजपा नेता धनराज साहू, डॉ. हिमांचल साहू और महेंद्र साहू ने भी प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात वाहन चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे स्थित दुकानों में CCTV कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज से आरोपी वाहन और चालक की पहचान आसानी से की जा सकती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।