दुर्ग में सरकारी नौकरी का झांसा देकर 10 लाख ठगे : स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी गिरफ्तार, फर्जी जॉइनिंग लेटर से खुला राज

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी प्रिया देशमुख को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती को बिजली विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपए ऐंठ लिए और फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। मामला पदमनाभपुर थाना क्षेत्र का है। भिलाई सेक्टर-7 निवासी 29 वर्षीय पायल की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। पीड़िता के अनुसार, 2 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात प्रिया देशमुख से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में सब इंजीनियर या एई पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

20 लाख की मांग, 10 लाख एडवांस वसूले

आरोपी ने नौकरी के लिए 20 लाख रुपए की मांग की थी, जिसमें से 10 लाख रुपए एडवांस के तौर पर ले लिए गए। भरोसा दिलाने के लिए उसने पीड़िता की मुलाकात अपने सहयोगी रजत गुप्ता से कराई, जिसने खुद को मंत्रालय में पदस्थ बताकर नौकरी पक्की होने का विश्वास दिलाया।

सर्किट हाउस में थमाया फर्जी नियुक्ति पत्र

नवंबर 2023 में रायपुर के सर्किट हाउस में पायल को एई पद का जॉइनिंग लेटर दिया गया। बाद में जांच में यह नियुक्ति पत्र फर्जी निकला। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

24 घंटे में गिरफ्तारी, साथी फरार

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर प्रिया देशमुख को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी रजत गुप्ता की तलाश जारी है।

पहले भी कर चुकी है ठगी

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी अपने पति प्रशांत कुमार देशमुख के साथ मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर चुकी है। पूर्व में भी एक युवक से 10 लाख रुपए लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया था।

फर्जी दस्तावेज और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी जॉइनिंग लेटर की ई-मेल प्रिंट कॉपी, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *