दुर्ग-भिलाई | छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 5 साल की मासूम बच्ची बोरे में बंद हालत में कुएं के पास मिली। बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा हुआ था और वह डरी-सहमी हालत में थी। घटना उतई थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी। परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। काफी देर बाद दो युवकों को कुएं के किनारे एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया, जो हिल रहा था। शक होने पर जब बोरा खोला गया तो उसमें बच्ची मिली।
डरी-सहमी हालत में अस्पताल में भर्ती
ग्रामीणों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वह काफी डरी हुई है। उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि उसके साथ क्या हुआ। इस बीच क्षेत्र के सांसद विजय बघेल अस्पताल पहुंचे और बच्ची का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
किडनैप कर दुष्कर्म की कोशिश की आशंका
पुलिस ने प्राथमिक जांच में अपहरण कर दुष्कर्म के प्रयास की आशंका जताई है। मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि घटना गंभीर है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा।
ग्रामीणों का आक्रोश, थाने का घेराव
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उतई थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद लोगों को शांत कराया गया।