चांदी में भारी गिरावट, ₹1.06 लाख टूटकर ₹2.93 लाख पर आई; सोना भी ₹20 हजार सस्ता, मुनाफावसूली से बाजार लुढ़का

YC न्यूज़ डेस्क । गोल्ड और सिल्वर मार्केट में शुक्रवार, 30 जनवरी को तेज गिरावट देखने को मिली। मुनाफावसूली के दबाव में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी और सोने के दाम बुरी तरह टूट गए। कारोबार समाप्त होने तक (रात 11:55 बजे) MCX पर चांदी 1,06,092 रुपए यानी 26.53% गिरकर 2,93,801 रुपए प्रति किलो पर आ गई। इससे पहले बीते कारोबारी सत्र में चांदी 3,99,893 रुपए के उच्च स्तर तक पहुंच गई थी। सोने में भी जोरदार गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 10 ग्राम सोना 20,323 रुपए (करीब 12%) सस्ता होकर 1,49,080 रुपए पर बंद हुआ। पिछले सेशन में सोने का भाव 1,69,403 रुपए था। इसके साथ ही गोल्ड और सिल्वर ETF में भी शुक्रवार को 23% तक की गिरावट देखने को मिली। सर्राफा बाजार में भी कीमतों में नरमी रही। शुक्रवार को चांदी 40,638 रुपए और सोना 9,545 रुपए सस्ता हुआ। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, एक किलो चांदी का भाव घटकर 3,39,350 रुपए पर आ गया, जबकि 24 कैरेट सोना 10 ग्राम 1,65,795 रुपए पर पहुंच गया।
MCX और सर्राफा बाजार के दाम अलग क्यों होते हैं?
MCX एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है, जहां सोना-चांदी की कीमतें मांग और आपूर्ति के अनुसार हर सेकंड बदलती रहती हैं। वहीं सर्राफा बाजार में फिजिकल सोना-चांदी की खरीद होती है, जिसमें ढुलाई, भंडारण और अन्य खर्च जुड़ने के कारण कीमतें अलग होती हैं।
सोना खरीदते समय रखें ये सावधानियां
विशेषज्ञों के अनुसार, सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही लें, ताकि उसकी शुद्धता सुनिश्चित हो सके। साथ ही खरीद के दिन सोने की कीमत को IBJA जैसी विश्वसनीय वेबसाइट से जरूर क्रॉस चेक करें, क्योंकि 24, 22 और 18 कैरेट सोने के दाम अलग-अलग होते हैं।
असली चांदी पहचानने के आसान तरीके
असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती, उस पर बर्फ तेजी से पिघलती है और उसमें कोई गंध नहीं होती। सफेद कपड़े से रगड़ने पर अगर काला निशान आए तो वह शुद्ध चांदी मानी जाती है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया गिरावट के पीछे तेज उछाल के बाद मुनाफावसूली प्रमुख वजह रही, हालांकि आगे वैश्विक संकेतों और निवेशकों की धारणा पर कीमती धातुओं की चाल निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *