YC न्यूज़ डेस्क । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को पेश होने वाले आम बजट में मिडिल क्लास, किसानों, रेल यात्रियों और बुजुर्गों को बड़ी राहत देने वाले कई अहम ऐलान कर सकती हैं। बजट 2026 में इनकम टैक्स से लेकर रेल इंफ्रास्ट्रक्चर, सोलर एनर्जी और हेल्थ सेक्टर तक पांच बड़े फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है।
1. इनकम टैक्स: 13 लाख तक की कमाई टैक्स फ्री–
नई इनकम टैक्स रिजीम में सैलरीड क्लास को बड़ी राहत मिल सकती है। स्टैंडर्ड डिडक्शन को मौजूदा 75 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए किया जा सकता है। इसके बाद 13 लाख रुपए तक की सालाना आय टैक्स फ्री हो जाएगी, जो फिलहाल 12.75 लाख रुपए है। उद्योग संगठन CII का मानना है कि टैक्स छूट बढ़ने से लोगों की खरीद क्षमता बढ़ेगी, जिससे खपत और आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी। सरकार भी नई टैक्स रिजीम को ज्यादा आकर्षक बनाकर पुरानी रिजीम को धीरे-धीरे खत्म करना चाहती है। इससे मिडिल क्लास के हाथ में हर महीने अतिरिक्त रकम बचेगी।
2. किसान सम्मान निधि: सालाना राशि में 50% बढ़ोतरी संभव–
पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को मिलने वाली सालाना 6 हजार रुपए की मदद को बढ़ाकर 9 हजार रुपए किया जा सकता है। यह मांग लंबे समय से उठ रही है, क्योंकि 2019 के बाद से इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
फिलहाल करीब 11 करोड़ किसान इस योजना से जुड़े हैं और सरकार इस पर 60–65 हजार करोड़ रुपए सालाना खर्च करती है। राशि बढ़ने पर यह खर्च करीब 95 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है। इससे किसानों को खेती की जरूरतों में सीधी मदद मिलेगी।
3. रेल इंफ्रास्ट्रक्चर: 300 से ज्यादा नई ट्रेनें–
रेलवे बजट में इस बार भी बड़ा फोकस रहने की उम्मीद है। सरकार 300 से अधिक अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों के संचालन का ऐलान कर सकती है। इसका मकसद 2030 तक ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट को खत्म करना है।
पिछले बजट में रेलवे को 2.65 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड आवंटन मिला था। इस बार भी इसमें बढ़ोतरी की संभावना है। नई ट्रेनों और ट्रैक विस्तार से रोजाना करीब 2 करोड़ यात्रियों को फायदा मिलेगा।
4. पीएम सूर्य घर योजना: सोलर पर बढ़ेगी सब्सिडी–
पीएम सूर्य घर योजना के तहत 2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर सब्सिडी 30 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपए प्रति किलोवाट की जा सकती है। इससे 2 KW के सिस्टम पर कुल सब्सिडी 60 हजार से बढ़कर 80 हजार रुपए हो जाएगी। सरकार का लक्ष्य 2027 तक 1 करोड़ घरों को सोलर ग्रिड से जोड़ने का है। सब्सिडी बढ़ने से लोग तेजी से सोलर अपनाएंगे और बिजली बिल में बचत के साथ अतिरिक्त कमाई भी कर सकेंगे।
5. आयुष्मान भारत: 60+ उम्र के सभी बुजुर्गों को कवर–
आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाकर 60 साल से ऊपर के सभी बुजुर्गों को शामिल किया जा सकता है। फिलहाल यह सुविधा 70 साल से अधिक उम्र वालों तक सीमित है। इसके साथ ही 5 लाख रुपए की इलाज सीमा बढ़ाने पर भी विचार हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 60 साल से ऊपर के 82% बुजुर्गों के पास कोई हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है। ऐसे में इस फैसले से करोड़ों परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है।
कुल मिलाकर बजट 2026 से मिडिल क्लास, किसान, बुजुर्ग और आम यात्रियों को बड़ी उम्मीदें हैं। अब सभी की नजरें 1 फरवरी को होने वाले बजट ऐलान पर टिकी हैं।