भिलाई । लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हुए गुरुवार सुबह दुर्ग पुलिस द्वारा हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ सेक्टर-6 पुलिस कंट्रोल रूम से हुआ, जिसे एसएसपी विजय अग्रवाल ने एएसपी शहर सुखनंदन राठौर और एएसपी ट्रैफिक ऋचा मिश्रा की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली ग्लोब चौक, रोटरी क्लब चौक, सेक्टर-9 चौक, एमडी बंगला चौक, पंथी चौक, डीपीएस चौक, मिराज सिनेमा तिराहा से होते हुए पुनः कंट्रोल रूम में संपन्न हुई।
रैली में पुलिस विभाग, बीएसपी अधिकारी-कर्मचारी, यातायात प्रबंधन मित्र, बाइकर्स क्लब और जिम्मेदार नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने बैनर, तख्तियों और पंपलेट्स के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने, रेड लाइट का पालन करने, और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग न करने जैसे संदेश दिए।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि — “सड़क दुर्घटना की स्थिति में दुपहिया वाहन चालकों के जीवन की रक्षा में हेलमेट सबसे प्रभावी साधन है। पुलिस लगातार जनता को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है।” उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी। पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि बिना हेलमेट किसी को भी पेट्रोल न दें, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।