भिलाई, 11 मार्च। शहर के पॉश इलाके नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में पुलिस ने हाईटेक सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा किया है। बुटीक की आड़ में संचालित हो रहे इस अवैध धंधे पर पुलिस ने छापा मारकर 8 युवतियों, संचालिका और एक ग्राहक को पकड़ा है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से यहां संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर आईयूसीएडब्ल्यू और स्मृति नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विद्या विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में दबिश दी। छापेमारी के दौरान अंदर का नजारा देखकर पुलिस अधिकारी भी चौंक गए, जहां देह व्यापार का संगठित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 8 युवतियों को हिरासत में लिया, जबकि रैकेट की संचालिका और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन धनवंति रावटे नामक महिला कर रही थी, जो सुपेला इलाके में बुटीक संचालित करती थी। पुलिस के अनुसार बुटीक केवल एक आड़ थी, जिसके जरिए वह अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन, नगदी, मोटरसाइकिल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस सेक्स रैकेट के तार छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पश्चिम बंगाल तक जुड़े हुए हैं, जहां से युवतियों को बुलाकर ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस ने संचालिका और ग्राहक के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। वहीं हिरासत में ली गई युवतियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।