पाटन। क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर (घुघुवा क) में श्री मंगल मूर्ति मारुती यज्ञ सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से नव दिवसीय श्री मन्मानस महायज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन 7 से 16 मार्च 2026 तक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन के अंतर्गत यज्ञाचार्य बिरेंद्र शर्मा (नेवनारा, बेरला) के मार्गदर्शन में प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहुतियां दी जा रही हैं। श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर फेरा लगाकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इसके पश्चात प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक 17 वर्षीय कथावाचक आचार्य रोहन कृष्ण शर्मा (ग्राम सर्वा, जिला बलौदा बाजार) द्वारा संगीतमय शैली में श्रीमद् देवी भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है।
कथा के दौरान आचार्य रोहन कृष्ण महाराज ने कहा कि देवी भागवत में नवरात्रि का विशेष महत्व बताया गया है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु पूरे नौ दिनों का व्रत नहीं रख पाते, वे सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन उपवास रखकर भी पूर्ण नवरात्रि व्रत का फल प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नवरात्रि में 2 वर्ष से 10 वर्ष तक की कन्याओं का पूजन कर कन्या भोज कराना अत्यंत शुभ माना गया है।
कथा में नाम संकीर्तन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जब भी मन में अशुद्धि या विकार उत्पन्न हो, तब सीताराम, राम-राम और नारायण नाम का जप करना चाहिए। कथा के दौरान महाराज द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध देवी जस गीत, भजन और आरती संगीतमय रूप में प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।
आयोजन के अंतर्गत 12 मार्च की रात्रि 8 बजे से छालीवुड स्टार “जय शीतला मईया” फेम लिलेश्वर सिन्हा की भजन ऑर्केस्ट्रा की विशेष आकर्षक प्रस्तुति भी होगी।
श्री मंगल मूर्ति मारुती यज्ञ सेवा समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन धार्मिक आयोजन में तन, मन और धन से सहयोग प्रदान कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।