“हिन्दुओं को बार-बार जगाना पड़ता है” — रायपुर में बोले धीरेंद्र शास्त्री, छत्तीसगढ़ में पदयात्रा की घोषणा ! आई लव मोहम्मद’ से नहीं, मानसिकता से दिक्कत है; बोले— ‘महादेव’ से भी कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए

“हिन्दुओं को बार-बार जगाना पड़ता है” — रायपुर में बोले धीरेंद्र शास्त्री, छत्तीसगढ़ में पदयात्रा की घोषणा ! आई लव मोहम्मद’ से नहीं, मानसिकता से दिक्कत है; बोले— ‘महादेव’ से भी कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए

रायपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने रायपुर में रविवार को कहा कि “हिन्दुओं को गुलामी की आदत लग चुकी है, उन्हें बार-बार जगाना पड़ता है।” रायपुर में चल रही उनकी कथा के दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि अब समय है कि समाज अपने धर्म, संस्कृति और आस्था के प्रति जागरूक बने।

पंडित शास्त्री ने बताया कि वे जल्द ही छत्तीसगढ़ में पदयात्रा करेंगे और जशपुर में कथा आयोजन की इच्छा भी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को वे दिल्ली से वृंदावन के लिए रवाना होंगे, उसके बाद 8 देशों की यात्राओं के अपने अनुभव साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि विदेशों में भी अध्यात्म और सनातन संस्कृति को लेकर बढ़ती रुचि दिख रही है। इस संदर्भ में उन्होंने बताया कि वे जल्द ही कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय जाकर “अलौकिक शक्तियों” पर अध्ययन करेंगे और विदेशों में भी दरबार लगाने की योजना है।

धर्मांतरण पर बोले – जबरदस्ती या लालच से हो तो सख्त सजा मिले
धर्मांतरण पर पूछे गए सवाल पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “अगर कोई अपनी इच्छा से धर्म बदलता है तो किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन जबरदस्ती या लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने वालों को कठोर सजा मिलनी चाहिए।”

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से गौ अभ्यारण (गौ संरक्षण क्षेत्र) बनाने की मांग की ताकि प्रदेश में गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

“आई लव मोहम्मद” विवाद पर बोले – ‘महादेव’ से भी किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए
हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल “आई लव मोहम्मद” विवाद पर पंडित शास्त्री ने कहा कि उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं, लेकिन जो लोग इसे राजनैतिक या धार्मिक उकसावे के रूप में कर रहे हैं, उनका “उचित उपचार” किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “अगर ‘आई लव मोहम्मद’ कहना सही है, तो ‘आई लव महादेव’ कहने पर भी किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए।”

8 अक्टूबर तक रायपुर में रहेंगे धीरेंद्र शास्त्री
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 8 अक्टूबर तक रायपुर में कथा करेंगे। कार्यक्रम स्थल गुढ़ियारी में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। परिसर को CCTV कैमरों से लैस किया गया है और भीड़ नियंत्रण के लिए 5 हजार बाउंसर्स तैनात हैं।

8 हजार से ज्यादा लोग सेवा में जुटे
आयोजन समिति ‘स्व. पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन’ के मीडिया कोऑर्डिनेटर सौरभ कुमार ने बताया कि कथा में लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे। भक्तों की सुविधा के लिए 4 से 8 अक्टूबर तक 200 ई-रिक्शा नि:शुल्क चलाए जाएंगे ताकि बुजुर्ग और दिव्यांगों को दिक्कत न हो।

हर दिन सुबह 10 बजे और रात 9 बजे भोजन प्रसादी (भंडारा) की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। करीब 8 हजार से अधिक स्वयंसेवक आयोजन में सेवा दे रहे हैं।

पार्किंग की व्यवस्था और विशेष अतिथि
श्रद्धालुओं के लिए साइंस कॉलेज मैदान, कोटा मैदान और WRS कॉलोनी स्थित मैदानों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कथा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, महापौर मीनल चौबे और कई मंत्री, विधायक व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बागेश्वर धाम सरकार से आशीर्वाद भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *