पाटन। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज, पाटन राज के तत्वावधान में 6 अक्टूबर को ब्रम्हलीन स्वामी आत्मानंद जी की जयंती श्रद्धा व उत्साह से मनाई जाएगी। इस अवसर पर समाज के शिक्षाविदों और समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा तथा विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन भी किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे स्वामी आत्मानंद चौक, पाटन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। इसके बाद 11.30 बजे से अतिथि स्वागत और उद्बोधन सत्र रखा गया है। दोपहर 12.30 बजे प्रमुख शिक्षाविदों और समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा।
दोपहर 1 बजे प्रसिद्ध कैरियर विशेषज्ञ डॉ. अजीत वरवंडकर विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन देंगे। यह सत्र समाज के युवाओं के लिए उपयोगी और प्रेरणादायी माना जा रहा है। मुख्य आयोजन कुर्मी भवन, पाटन में होगा, जहां पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजप्रधान युगल किशोर आडिल करेंगे। विशेष अतिथियों में सांसद विजय बघेल, सीताराम वर्मा और कृषि विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अजय वर्मा शामिल रहेंगे।