तेलीबांधा में हिट एंड रन: भाजपा विधायक के बेटे की कार ने बाइक को मारी टक्कर, घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस तलाश में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात एक सनसनीखेज सड़क हादसे में भाजपा विधायक के बेटे द्वारा चलाई जा रही कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कार सवार युवक और दो युवतियां मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह हादसा तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक के पास देर रात करीब 1.30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक चौक के पास से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही कार बेकाबू होकर बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। कार की एयरबैग तक खुल गई, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। टक्कर के बाद सभी कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से कार से जुड़े कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। सरगुजा निवासी के नाम पर दर्ज है कार पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल कार सरगुजा जिले के कौशलपुर निवासी जयप्रकाश उपाध्याय के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कार सवारों की पहचान कर ली जाएगी।
हर साल बढ़ रहा सड़क हादसों का आंकड़ा
छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों से होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क सुरक्षा से जुड़ी अंतर्विभागीय नोडल एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में प्रदेश में 7,156 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 3,338 लोगों की मौत हुई।
वर्ष 2024 में हादसों की संख्या बढ़कर 7,693 हो गई, जबकि 3,753 लोगों की जान चली गई।
वर्ष 2025 में स्थिति और भी गंभीर होती नजर आ रही है। 15 नवंबर तक प्रदेश में 13,504 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें 11,554 लोग घायल हुए और 5,955 लोगों की मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *