दुर्ग में शिक्षकों का जेडी कार्यालय में हल्ला बोल, उग्र तेवर देख सकपकाए जेडी, खुद माइक थामकर दिया लिखित शेड्यूल का आश्वासन

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षकों से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर एक बार फिर आंदोलन तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में शिक्षकों ने दुर्ग स्थित संयुक्त संचालक (JD) कार्यालय का घेराव किया। आंदोलन का नेतृत्व फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने मिडिल स्कूल हेडमास्टर पदोन्नति, उच्च वर्ग शिक्षक पदोन्नति, उच्च परीक्षा अनुमति आदेश तथा VSK ऐप इंस्टॉल के विरोध सहित विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। शिक्षकों के आक्रोशित तेवर देखकर संयुक्त संचालक कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।

फेडरेशन की ओर से संयुक्त संचालक दुर्ग को मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा गया। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि विभाग लंबे समय से उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है। फेडरेशन ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व भी प्रधानपाठक पदोन्नति (माध्यमिक शाला) और सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची के प्रकाशन को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थिति को संभालते हुए संयुक्त संचालक दुर्ग ने स्वयं माइक संभाला और शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शाम तक सभी मांगों को लेकर लिखित शेड्यूल जारी किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद शिक्षकों ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया, लेकिन फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *