“एक मुठ्ठी दान, शिवनाम का सम्मान — पाटन से टोलाघाट तक उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब”,हजारों कांवड़िया जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पहुंचेंगे टोलाघाट, होगा भव्य रुद्राभिषेक और महाप्रसादी वितरण

पाटन। सावन मास के तीसरे सोमवार 28जुलाई को भक्ति, श्रद्धा और शिव-आस्था की अनूठी मिसाल पेश करते हुए पाटन से टोलाघाट तक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। बोल बम कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन की अगुवाई संयोजक जितेंद्र वर्मा कर रहे हैं। 28 जुलाई की सुबह 8:00 बजे, ओग्गर तालाब पाटन में विराजमान भगवान शंकर की पूजा-अर्चना के पश्चात् शिवभक्त जल भरकर बोल बम के जयघोष के साथ टोलाघाट के लिए कांवड़ लेकर पैदल यात्रा प्रारंभ करेंगे। यह यात्रा न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना की दृष्टि से भी एक प्रेरणादायी पहल होगी।

संयोजक जितेंद्र वर्मा ने जानकारी दी कि इस यात्रा का मार्ग पूरे उत्सव के रूप में सजेगा, जिसमें सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की झलक देखने को मिलेगी। “यह यात्रा केवल भगवान शिव की आराधना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा और संस्कारों के प्रचार का सशक्त माध्यम भी है,” उन्होंने कहा। टोलाघाट पहुंचते ही कांवड़िए “सर्वे भवन्तु सुखिनः” एवं “जल संरक्षण” का संकल्प लेते हुए भगवान शिव को जल अर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रसिद्ध भगवताचार्य पं. कृष्ण कुमार तिवारी के सान्निध्य में रुद्राभिषेक व महाशिवपूजन का आयोजन होगा।

विशेष आकर्षण के रूप में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकगायिका पायल साहू अपनी अनुपम भक्ति प्रस्तुति के माध्यम से शिवमहिमा का संगीतमय वर्णन करेंगी, यात्रा का एक और प्रमुख आकर्षण है – “एक मुठ्ठी दान, भगवान शंकर के नाम”। श्रद्धालुओं द्वारा चावल के रूप में अर्पित दान से तैयार महाप्रसाद हजारों भक्तों को वितरित किया जाएगा। समिति ने सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किया है ताकि हर श्रद्धालु को सहजता से भोजन प्राप्त हो सके।

संयोजक जितेंद्र वर्मा ने समस्त शिवभक्तों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, माताओं-बहनों एवं ग्रामवासियों से आव्हान किया है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें और शिव आराधना के इस भव्य संगम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *