पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम बेंदरी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सुना। यह आयोजन बूथ अध्यक्ष रवि साहू के निवास पर संपन्न हुआ, जिसमें पाटन जनपद के सभापति (वन एवं पर्यावरण) प्रणव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहजनक और प्रेरणास्पद बनाया। इस अवसर पर गांव के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम की गरिमा अर्जुन साहू की विशेष उपस्थिति से और भी बढ़ गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर ‘मन की बात’ में सामूहिक प्रयासों, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, डिजिटल साक्षरता, और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष मिशन का उल्लेख करते हुए विज्ञान में युवाओं की बढ़ती रुचि की सराहना की। साथ ही अगस्त माह को क्रांति और बदलाव का प्रतीक बताते हुए जागरूकता का आह्वान किया।
मौके पर जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सभापति प्रणव शर्मा ने कहा,प्रधानमंत्री की बातें न केवल देश की दिशा तय करती हैं, बल्कि गांवों को भी नई प्रेरणा देती हैं। बेंदरी जैसे गांवों तक यह संदेश पहुंचाना ही संगठन की असली ताकत है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता और जलसंरक्षण की सामूहिक शपथ लेकर प्रधानमंत्री के संदेशों को अमल में लाने का संकल्प लिया।