उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां,कृषि क्षेत्र में नवाचार और अनुसंधान अपनाने का आह्वान
पाटन। संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा (पाटन) में 12 जून 2026 को वार्षिकोत्सव एवं छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा थे। कार्यक्रम में कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘आरोहण-2026’ का अतिथियों द्वारा विधिवत विमोचन किया गया। पत्रिका में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों की साहित्यिक, वैज्ञानिक तथा रचनात्मक अभिव्यक्तियों को स्थान दिया गया है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। साथ ही शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान नवगठित छात्रसंघ के पदाधिकारियों को अतिथियों ने शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय वर्मा ने महाविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने बहुत कम समय में नई ऊंचाइयों को छुआ है, जो सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। वहीं डॉ. विनम्रता जैन एवं डॉ. विजय जैन ने भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला।
अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने संस्थान की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण नागराज ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. मोहनिशा सिंह राजपूत द्वारा किया गया। समारोह में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक उपस्थित रहे।