
अबीर-गुलाल, पुष्प व तिलक लगाकर बच्चों का हुआ अभिनंदन, जनप्रतिनिधियों ने उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
जामगांव आर। छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार ग्राम भरर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में “बाल देवो भवः” की भावना को चरितार्थ करते हुए नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विशेष स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्या की देवी मां सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुई। इसके बाद प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का अबीर, चंदन एवं पुष्प अर्पित कर स्वागत किया गया। बच्चों को पुस्तक, पेन, शाला गणवेश प्रदान कर तथा मुंह मीठा कराकर विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया।
शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण चन्द्राकर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, गुरुजनों के सम्मान तथा शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत आधार है। कार्यक्रम को पूर्व सरपंच छबिलाल साहू ने भी संबोधित किया और विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती भारतीय राव, ग्राम सरपंच श्रीमती कौशिल्या साहू, सांसद प्रतिनिधि द्रोण चन्द्राकर, विधायक प्रतिनिधि नारद चन्द्राकर, दिनेश नागरिया, महेन्द्र निर्मालकर, नोकेश चन्द्राकर, पुरुषोत्तम चन्द्राकर तथा ग्राम घोरारी से श्रवण कुमार बंजारे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी।