
हरेली पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास का गृह प्रवेश, सीएम ने किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं
रायपुर, 12 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के प्रथम लोकपर्व हरेली तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को नवा रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्रवेश समारोह एवं हरेली उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मंत्री वर्मा एवं उनके परिजनों को नवीन आवास में गृह प्रवेश की बधाई देते हुए सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली हमारी कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं तथा अच्छी बारिश, भरपूर फसल और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की परंपरा में प्रकृति, खेती और लोकजीवन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।
किसानों की समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का मजबूत आधार खेती-किसानी है। किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और उनकी समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि निहित है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। इससे किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा मिले, ताकि किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम हो और वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
खेती के साथ आय के अन्य साधनों पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल परंपरागत खेती तक सीमित रहने के बजाय उन्हें कृषि से जुड़ी सहायक एवं आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण सहित अन्य आयवर्धक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा और गांव मजबूत होंगे तो विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की गति और तेज होगी। सरकार की नीतियों के केंद्र में अन्नदाता का हित है और खेती-किसानी को अधिक समृद्ध एवं लाभकारी बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
हरेली से शुरू होता है छत्तीसगढ़ के पर्वों का सिलसिला : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कृषि परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। हरेली के साथ ही प्रदेश में तीज-त्योहारों का उल्लासपूर्ण सिलसिला शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह है और बेहतर फसल की उम्मीद जगी है। उन्होंने ईश्वर से प्रदेश के खेत-खलिहानों के लहलहाने, किसानों के घरों में खुशहाली और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की। डॉ. सिंह ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा एवं उनके परिजनों को नवीन शासकीय आवास में गृह प्रवेश के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
राम भजन से भक्तिमय हुआ वातावरण
हरेली तिहार और गृह प्रवेश समारोह के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की सुंदर प्रस्तुति दी। उनकी भजन प्रस्तुति से समारोह का वातावरण भक्तिमय हो गया। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने भजन का आनंद लिया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू एवं इंद्रकुमार साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के परिजन उपस्थित रहे।