
विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) का गठन पूरा नहीं होने के कारण लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया निर्देश
रायपुर, 12 अगस्त 2026। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के सभी स्कूलों में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के गठन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है। ऐसी स्थिति में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों में ध्वजारोहण का दायित्व पूर्व विद्यालय प्रबंधन समिति (SMDC) के अध्यक्ष अथवा पदाधिकारी निभाएंगे। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा 11 अगस्त 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य शासन ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह प्रदेशभर में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने का निर्णय लिया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन में विद्यालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भारत सरकार द्वारा 6 मई 2026 को जारी “Guideline for SMCs-2026” के अनुसार विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के गठन की प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है। वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के पूर्व पदाधिकारी, अर्थात पूर्व SMDC अध्यक्ष अथवा पदाधिकारी, नियमानुसार ध्वजारोहण करेंगे।
प्रशासन के निर्देशानुसार होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
लोक शिक्षण संचालनालय ने यह भी निर्देश दिया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रभातफेरी, सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।