
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी का स्तर लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। इस बार डोंगरगांव से कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। ग्रामीणों की सड़क निर्माण की मांग पर विधायक ने कहा – “अगर एक महीने में सड़क नहीं बनी तो मेरे नाम का कुत्ता पाल लेना।” विधायक के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पूरा मामला राजनांदगांव जिले के कोपेडीह से बोदेला गांव तक की जर्जर सड़क से जुड़ा है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। विरोध और नाराजगी के बीच पहुंचे विधायक दलेश्वर साहू ने लोगों को शांत कराने की कोशिश करते हुए यह बयान दे दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि जिस सड़क परियोजना को विधायक ने अपना “ड्रीम प्रोजेक्ट” बताया था, वह करीब चार साल बाद भी अधूरी पड़ी है। सड़क की हालत खराब होने से ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। ऐसे में विधायक का यह बयान अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है। विपक्षी दलों ने भी इस बयान को लेकर कांग्रेस विधायक पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे चुनावी वादों का नया “एनिमल एडिशन” बता रहे हैं। कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि आखिर विकास कार्यों की गारंटी अब बजट और टेंडर से नहीं बल्कि ऐसे बयानों से दी जाएगी क्या? फिलहाल सड़क निर्माण कब तक पूरा होगा, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन विधायक का बयान राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक जमकर वायरल हो रहा है।