
बालोद। अवैध शराब की बिक्री और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बालोद पुलिस ने एक साथ कार्रवाई की। विशेष पुलिस टीम और पुरूर थाना पुलिस ने क्षेत्र के ढाबों की जांच करते हुए दो स्थानों से बिक्री के लिए रखी गई देशी शराब बरामद की। वहीं शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 5 लोगों समेत कुल 49 लोगों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने यह कार्रवाई हाईवे पर ढाबों और यातायात व्यवस्था की जांच के दौरान की। ग्राम पुरूर के साहू ढाबा और ग्राम बिटोडा के हाईवे ढाबा में अवैध रूप से शराब रखे जाने की पुष्टि होने के बाद दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
साहू ढाबा से मिली अवैध शराब
पुलिस के अनुसार एनएच-30 पर ग्राम पुरूर स्थित साहू ढाबा में दबिश के दौरान बिक्री के लिए रखी गई देशी शराब बरामद हुई। मामले में कुम्हारखान निवासी जगत राम साहू (28) के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इसी तरह ग्राम बिटोडा स्थित हाईवे ढाबा परिसर की जांच में भी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मामले में बिटोडा निवासी शुभम सालुंके (25) के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
नशे में वाहन चलाने वाले 5 पकड़े
ढाबों की जांच के साथ पुलिस ने हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी अभियान चलाया। इस दौरान कुल 49 प्रकरण बनाए गए। इनमें शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 5 लोगों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर अवैध शराब की बिक्री और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जा सके।